बख्शी का तालाब: बीकेटी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सीतापुर रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक मासूम की जान चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक पर सवार महिला की गोद से उनका ढाई महीने का बेटा उछलकर सड़क पर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गहरा रामपुरा गांव के निवासी राम कुमार अपनी पत्नी अंजलि के साथ बीमार बेटे को अस्पताल ले जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में राम कुमार और अंजलि भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जब बच्चे का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


