बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुकान पर गाना बजाने और महिला से अभद्रता को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में एक महिला की जान चली गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब 10 लोग जख्मी हुए हैं। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह मामला टिकैतनगर इलाके के विद्यानगर (सिकलिक का पुरवा) गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव में धर्मेंद्र और विनीता नाम के दो दुकानदारों की परचून की दुकानें आमने-सामने हैं। शनिवार शाम को दोनों दुकानों पर गाना बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों की जंग में बदल गई।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, दोनों पक्षों में करीब तीन महीने पहले भी महिला से अभद्रता को लेकर विवाद हुआ था, जिसे तब पुलिस ने समझौता कराकर शांत करा दिया था। आरोप है कि शनिवार शाम को जब परिवार की महिला पानी भरने गई, तो दूसरे पक्ष ने फिर से बदसलूकी की। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
इस मारपीट के दौरान सिर पर लाठी लगने से 45 वर्षीय विमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने दम तोड़ दिया। झगड़े में संजय, राकेश, नितिन, अमित, ननकू, सुखदेई और कुसुम समेत दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में गाना बजाने और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।