Homeलखनऊलूडो के खेल में खूनी संघर्ष : कैंची से गोदकर की युवक...

लूडो के खेल में खूनी संघर्ष : कैंची से गोदकर की युवक की हत्या

लखनऊ : राजधानी के अलीगंज इलाके में लूडो खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया। पुरनिया पुल के नीचे शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही दोस्त पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल अवस्थी के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में ले लिया ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुरनिया फ्लाईओवर के नीचे कुछ युवक लूडो खेल रहे थे। खेल के साथ ही वहां शराब का दौर भी चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर राहुल और उसके दोस्तों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी प्रदीप सिंह ने पास में रखी कैंची उठा ली और राहुल के पेट व सीने पर कई वार कर दिए। राहुल को खून से लथपथ छोड़कर आरोपी और उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद एक स्थानीय दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि, इस मामले में पुलिस और परिजनों के दावों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है। पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट के अनुसार, घायल राहुल को तत्काल वाघा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे केजीएमयू रेफर किया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरी ओर, मृतक के मौसेरे भाई शिवम ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिवम का कहना है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी केवल मूकदर्शक बने रहे और उन्होंने एम्बुलेंस तक नहीं बुलाई। परिजन खुद ऑटो से राहुल को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल की 5 साल पहले शादी हुई थी और उसका 4 साल का एक बेटा है। एडीसीपी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular