लखनऊ: चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक महिला सैन्य अधिकारी से कथित तौर पर छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद स्टेशन पर भारी हंगामा हुआ और आरोपी कैब ड्राइवर की मौके पर मौजूद लोगों द्वारा पिटाई भी की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के अनुसार, पीड़ित महिला सैन्य अधिकारी और उनके पति, जो स्वयं भी सेना में अधिकारी हैं, ट्रेन से यात्रा कर चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। जब दोनों प्लेटफॉर्म को जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, महिला सैन्य अधिकारी ने वहां मौजूद एक कैब ड्राइवर सादत अली पर कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक इशारा करने का आरोप लगाया। महिला के विरोध के बाद भाग रहे आरोपी ड्राइवर को उसके पति ने बलपूर्वक दबोच लिया।
इस दौरान स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वायरल वीडियो के अनुसार, आरोपी को भागने से रोकने के लिए सेना के अधिकारी ने उसे जमीन पर पटक कर काबू में करने की कोशिश की, जिसे सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा गला दबाने का प्रयास भी बताया जा रहा है। इसी बीच, वहां मौजूद कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए आरोपी ड्राइवर की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में लिया।
बाराबंकी के रामनगर के रहने वाले आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सादत अली के दाढ़ी-टोपी में होने के कारण शुरुआत में सोशल मीडिया पर ‘मौलवी’ के रूप में भ्रामक तौर पर प्रचारित किया जा रहा था।
मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कानूनी कार्रवाई में जुटी है। हालांकि, घटना के बाद से अब तक आरोपी कैब ड्राइवर का पक्ष आधिकारिक रूप से सामने नहीं आ सका है, क्योंकि वह पुलिस और न्यायिक हिरासत में है। जीआरपी पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।