लखनऊ : राजधानी लखनऊ का फैजुल्लागंज इलाका इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। पिछले कुछ दिनों से शहर में भले ही भारी बारिश न हुई हो, लेकिन ऊपरी इलाकों से छोड़े गए पानी के कारण गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से स्थिति बेकाबू हो गई है । फैजुल्लागंज के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में बाढ़ का पानी तेजी से प्रवेश कर चुका है, जिससे करीब 40,000 घर पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं और 3 लाख से अधिक आबादी संकट में है ।
इलाके की सड़कों और गलियों में 4 से 6 फीट तक पानी भर चुका है, जिसके कारण आम जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है । स्थिति इतनी गंभीर है कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों की छतों पर रात बिताने को मजबूर हैं, जहाँ वे दिन में तेज धूप और रात में ओस का सामना कर रहे हैं । पीने के साफ पानी, भोजन और आवश्यक दवाओं की भारी किल्लत हो गई है. अब तक 10,000 से अधिक लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों या रिश्तेदारों के यहाँ पलायन कर चुके हैं ।
बाढ़ के पानी ने स्वास्थ्य सेवाओं को भी बुरी तरह प्रभावित किया है । पुराना दौदनगर स्थित सरकारी अस्पताल के चारों ओर चार फीट तक पानी भर जाने के कारण मरीजों और तीमारदारों का वहाँ पहुंचना दूभर हो गया है। प्रशासन का दावा है कि 40 से अधिक नावें और राहत टीमें तैनात की गई हैं, लेकिन स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये नावें इतनी बड़ी आबादी के लिए नाकाफी हैं।


