पारा : राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ की पुलिस ने शनिवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने इलाके में अपने आतंक और सोशल मीडिया पर अपनी बदतमीजी से कोहराम मचा रखा था।
अक्सर झगड़ा करने की आदत के कारण स्थानीय लोगों ने इस महिला का नाम ‘झांसी की रानी’ रख दिया था। इस महिला का असली नाम हिमांशी यादव (32 वर्ष) उर्फ मानसी यादव है, जो ओल्ड कांशीराम कॉलोनी, हंसखेड़ा की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार, हंसखेड़ा के रहने वाले श्रीराम यादव ने 11 सितंबर को पारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमांशी यादव और उसके पति विनोद यादव ने उनके घर में जबरन घुसकर उनके और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने घर से नकदी और सोने की चेन भी लूट ली।
इसके अलावा, पीड़ित ने आरोप लगाया कि महिला लगातार इंस्टाग्राम पर उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियां कर रही थी, जिससे समाज में उनकी बदनामी हो रही थी।
हिमांशी यादव का विवादों से पुराना नाता है। वह अक्सर इंस्टाग्राम पर लाइव आकर न सिर्फ आम लोगों को, बल्कि पुलिस प्रशासन और पत्रकारों को भी खुलेआम गालियां देती थी। वह सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करती थी। जब पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, तो उसने पीड़ित के घर में घुसकर मारपीट करने, लूटपाट करने और इंस्टाग्राम पर अभद्र पोस्ट डालने की बात कबूल कर ली।
पारा पुलिस के मुताबिक, साल 2020 से अब तक हिमांशी के खिलाफ मारपीट, धमकी, रंगदारी, लूट, सरकारी काम में बाधा डालने और आईटी एक्ट (IT Act) जैसी गंभीर धाराओं में 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित चल रही थी।
पारा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।