लखनऊ : राजधानी के अलीगंज इलाके में लूडो खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया। पुरनिया पुल के नीचे शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही दोस्त पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल अवस्थी के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में ले लिया ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुरनिया फ्लाईओवर के नीचे कुछ युवक लूडो खेल रहे थे। खेल के साथ ही वहां शराब का दौर भी चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर राहुल और उसके दोस्तों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी प्रदीप सिंह ने पास में रखी कैंची उठा ली और राहुल के पेट व सीने पर कई वार कर दिए। राहुल को खून से लथपथ छोड़कर आरोपी और उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।


